शुक्रवार, 3 जुलाई 2015

(लघुकथा) घोंसला



उसे शहर में नौकरी मि‍ली तो गांव से आकर यहीं बस गया. साथ में काम करने वाली एक लड़की से उसे प्‍यार हो गया. दोनों वि‍वाह कर, कि‍राए के मकान में रहने लगे. एक बेटा और बेटी हुए. उनकी खुशि‍यां चौगुनी हो गईं. धीरे धीरे उनकी दुनि‍या ही बदल गई. उनकी ज़िंदगी बच्‍चों के चारों ओर घूमने लगी. बच्‍चों की खुशी ही अब उनकी खुशी थी.

उन्‍होंने एक फ़्लैट ख़रीदा और बच्‍चों के कमरे को करीने से सजाया. लोन की कि‍श्‍तें उतारने के साथ साथ बच्‍चों को अच्‍छे महंगे स्‍कूलों में दाखि‍ला दि‍लवाया. उनके लि‍ए बाक़ायदा एक स्‍टडी डैस्‍क बनावा कर दि‍या जो एक वर्क स्‍टेशन जैसा था, लाइट और बि‍जली के प्‍लग सहि‍त, ताकि‍ बच्‍चे लैपटॉप और वीडि‍यो गेम भी वहीं लगा सकें. बच्‍चों की ज़ि‍द थी कि‍ कार होनी चाहि‍ए. उन्‍होंने एक कार भी फ़ाइनेंस करवा ली. छुट्टी वाले दि‍न बच्‍चों को घुमाने ले जाते और रात का खाना भी बाहर ही खाकर लौटते.

बच्‍चे पढ़ने में होशि‍यार थे फि‍र भी दो-एक सब्‍जेक्‍ट पढ़ाने ट्यूटर आते. दोनों ही अच्‍छे नंबरों से पास हुए और उन्‍होंने प्रोफ़ेशनल कोर्सों में दाखि‍ला लि‍या. ट्यूटरों का खर्चा तो बचा पर वह कॉलेजों की फ़ीस में नि‍पट गया. अच्‍छा ये हुआ कि‍ बेटे को पढ़ाई के लि‍ए लोन मि‍ल गया. बेटी ने पास होकर एक मल्‍टीनेशनल में नौकरी कर ली. एक अच्‍छा सा रि‍श्‍ता मि‍ला तो दोनों ने अपने प्रॉवि‍डेंड फ़ंड से पैसा नि‍काल कर बेटी का वि‍वाह कर दि‍या. बेटे को भी दूर एक शहर में अच्‍छी सी नौकरी मि‍ल गई.

एक दि‍न सुबह जब वह खि‍ड़की की तरफ पीठ कि‍ए अख़बार पढ़ रहा था तो यकायक बरसात होने लगी. उसने आवाज़ दी –‘सुनती हो, बालकनी से कपड़े उठा लो. बरसात हो रही है.’ वह जल्‍दी जल्‍दी बाहर भागी, कपड़े उठाए और लौटने लगी. तभी उसकी नज़र बालकनी के कोने में गई जहां एक घोंसले में चि‍ड़ि‍या के दो बच्‍चे पल रहे थे. पर आज घोंसला खाली था. वह चौंक कर बोली-‘अरे, इतनी बरसात में ये बच्‍चे कहां गए.’  

इस बीच वह भी खि‍ड़की से उसी घोंसले को देख रहा था. उसने पत्‍नी से नज़र चुराते हुए सि‍र झुका कर फि‍र चुपचाप अख़बार पढ़ना शुरू कर दि‍या.
00000

रविवार, 24 मई 2015

(लघुकथा) कुत्ता




गांव में उन दोनों के परि‍वार, आपस में दुश्‍मनी के ही कारण जाने जाते थे. दोनों ही परि‍वार कोई बहुत अमीर नहीं थे पर फि‍र भी उन दोनों परि‍वारों में पुश्‍तैनी दुश्‍मनी अमीरी से कम न थी. दुश्‍मनी कि‍स बात पर चली आ रही थी यह अब कि‍सी को याद तक न था. उस दि‍न भी, फि‍र कि‍सी बात पर झगड़ा हुआ. झगड़े में दोनों परि‍वारों के सभी लोग शामि‍ल हो गए. और झगड़ा इतना बढ़ा कि‍ एक परि‍वार ने दूसरे परि‍वार के एक व्‍यक्‍ति‍ की हत्‍या कर दी. पंचायत हुई, फि‍र पुलि‍स आई और कोर्ट-कचेहरी शुरू हो गई.

ऋतुएं बदलने लगीं, बच्‍चे बड़े होते रहे, बड़ों की शादि‍यां होतीं तो मुकदमों की तारीखों के हि‍साब से दि‍न-वार तय होते. सूखा पड़ता या फ़सल अच्‍छी होती, कोर्ट-कचेहरी की हाजरि‍यां बि‍ना नागा चलती रहतीं. यूं ही पता नहीं कि‍तने साल बीत गए. इनके केस, वकीलों की नई पीढ़ी ने संभाल लि‍ए.

मुकदमें की ऐसी ही एक पेशी के दौरान एक परि‍वार के सबसे बूढ़े आदमी ने साथ वाले का सहारा लेकर उठते हुए जज साहब को दोनों हाथ जोड़ कर कहा - ‘साहेब, वो कत्‍ल मुझसे हो गया था. मैं कानून का मुज़रि‍म हूं. आप चाहे जो सज़ा दे दें.’  जज साहब ने उसे गि‍रफ़्तार करने का हुक्‍म दि‍या. जो पुलि‍स वाला उसे हवालात ले जा रहा था उसने पूछा –‘दद्दा, क्‍या हुआ जो यूं जेल मोल ले ली.’

‘क्‍या बताउं, बहुएं खाना देने में आना-कानी करती हैं. बेटे दवा-दारू के नाम पर ही चि‍ल्‍लाने लगते हैं. अपने-आप अंदर-बाहर आना-जाना भी अब ठीक से नहीं हो पाता. ऐसे में जेल ही भली लगी. खाना और दवा तो टैम-टैम से मि‍ल जाएंगे ना.’ उसके बाद पुलि‍स कांस्‍टेबल और वह चुपचाप चलते रहे.

लॉक-अप में लाठी के सहारे धीरे से बैठते हुए उसने बस इतना ही कहा –‘पता नहीं, मेरे पीछे, अब हमारे कुत्‍ते को भी कोई खाना पूछेगा या नहीं. राम जाने.’   
00000

बुधवार, 20 मई 2015

(लघुकथा) न्यायकथा




गांव में वे दोनों आसपास रहते थे. दोनों की कुछ-कुछ पुश्‍तैनी ज़मीन थी, वह भी साथ-साथ ही थी. कभी मेड़़, कभी पेड़, कभी घास, कभी बच्चे, कभी औरतें, कभी कुछ कभी कुछ ...मतलब ये कि‍ आए दि‍न कि‍सी न कि‍सी बात को लेकर दोनों में लड़ाई-झगड़ा होता ही रहता था. कभी गाली-गलौज तो कभी-कभी बात हाथा-पाई तक पहुंच जाती थी. आए दि‍न पंच-पंचायत भी होती. एक दि‍न, कि‍सी पेड़ की छंटाई को लेकर बात इतनी बढ़ी कि‍ एक ने दूसरे की हत्‍या ही कर दी.

पुलि‍स आई, तहकीकात हुई, केस बना, हत्‍यारे को जेल भेज दि‍या. कोर्ट-कचेहरी होने लगी. दि‍न, महीने, साल बदलने लगे. गवाह कभी जाते, कभी न जाते. जज आते, चले जाते. गवाह वाकया भूलने लगे तो वकील-लोग केस की तारीख़ें. दोनों के परि‍वारों के बच्‍चे बड़े होते रहे, इस बीच उनकी शादि‍यां भी होने लगीं. बेटि‍यां जाने लगीं, नई बहुएं आने लगीं. बीच-बीच में, उनके पोते-पोति‍यों को केस के बारे में भी बताया जाता. दोनों के परि‍वारों में दुश्‍मनी तो बनी रही पर कोर्ट-कचेहरी करते-करते थक चले थे वे. 
 
एक दि‍न, ऐसा भी आया कि‍ पर्याप्‍त सबूतों के अभाव में कचेहरी ने उसे बरी कर दि‍या. उसके परि‍वार में कोई ख़ास खुशी नहीं थी. हां यह बात अलग है कि‍ दोनों ही परि‍वारों ने चैन की सांस ली कि‍ चलो काले कोट वालों से पीछा छूटा. 

वह अब बूढ़ा हो चुका था. उसकी पीठ झुक चुकी थी. उसकी हुक्‍के की आदत अब बीड़ी में बदल गई थी. 

एक दि‍न, वह उसी झगड़े वाले पेड़ के नीचे बैठ, बीड़ी पीते हुए याद करने की कोशि‍श कर रहा था कि‍ आखि‍र उस दि‍न हुआ क्‍या था.
00000

 


शनिवार, 18 अप्रैल 2015

लघुकथा (खुशी)



बहुत पुरानी बात है, दूर कि‍सी देश में एक छोटी सी राजकुमारी रहती थी, बहुत सुंदर बहुत चंचल. राजा-रानी की वह इकलौती संतान थी. प्रजा की भी आंख का तारा थी वह राजकुमारी. महल भर में उसकी कि‍लकारि‍यां गूंजतीं रहतीं और साथ-साथ दासि‍यों के हंसने की आवाजें भी हवा में तैरतीं रहतीं.

न जाने भाग्‍य में क्‍या बदा था कि,‍ एक दि‍न, राजकुमारी बीमार पड़ गई. राजवैद्य ने हर प्रयास कर देख लि‍या, राज्‍यभर से हर तरह के दूसरे वैद्य भी बुलाए गए पर राजकुमारी की बीमारी का हल न नि‍कला. राजकुमारी की हंसी न जाने कहां खो गई थी. वह उदास रहने लगी. उसकी खि‍लखि‍लाहटें जाती रहीं. वह अब खेलती भी न थी. उसे खाने-पीने में भी रूचि‍ न रही, उसकी भूख तो जैसे सदा के लि‍ए ही मर गई थी. महल में खि‍न्‍नता छाई रहने लगी, राज्‍य में अब उत्‍सव भी न होते थे. चारों ओर बस उदासी ही उदासी दि‍खई देती थी. राज्‍य की प्रजा दुखी थी.

एक दि‍न राजकुमारी महल में, कमरे की खि‍ड़की के पास बैठ उदास नजरों से यूं ही बाहर देख रही थी कि‍ अचानक, हवा का एक ठंडा सा झोंका आया और तभी उसने देखा कि‍ बाहर बगीचे में उसके ही जैसी एक छोटी सी बच्‍ची हाथ में फूल लि‍ए हंसते-खि‍लखि‍लाते ति‍तलि‍यों के पीछे भाग-दौड़ रही है. राजकुमारी ने आंखें बंद कर लीं और उसने एक गहरी सांस ली. उसके चेहरे पर एक हल्‍की सी मुस्‍कान तैर गई. अगले ही पल उसने आंखें खोलीं तो उसके चेहरे पर पहले सी ही खुशी लौट आई थी.

यह ख़बर महल और प्रजा में आग की तरह फैल गई. राज्‍यभर की खुशि‍यां लौट आई थीं.
00000

सोमवार, 23 मार्च 2015

(लघुकथा) आटा



सड़क कि‍नारे उसके पास थोड़ी सी ज़मीन थी. उसी पर कुछ अपनी खेती, कुछ खेती बटाई पर लेकर परि‍वार का पेट पाल रहा था. फसल के दि‍नों पूरा परि‍वार जुटकर मेहनत करता. फि‍र फसल का इंतज़ार और अपनी गाय की सेवा.

एक दि‍न गांव में एक लाला जी आए और समझा-बुझाकर उससे ज़मीन खरीद ली. उस ज़मीन पर गेट-चारदीवारी बनाकर एक शैड सा डाल दि‍या. वह गांव के बाहर, ज़मींदार जी के अहाते में कि‍राए पर रहने लगा. बेटे को मोटर साइकि‍ल ले दी. सबने नए-नए कपड़े सि‍लाए, औरतों के लि‍ए पहली बार गहने भी आए. सूमो गाड़ी करके सब रि‍श्‍तेदारों के यहां घूमे. जो पैसा बचा रहा उसे बैंक में जमा कर दि‍या. लाला जी ने उसे चौकीदार रख लिया और बड़े बेटे को मज़दूरी पर. घर के बाकी लोग भी लाला जी की फैक्‍ट्री से माल घर ले जाते और उस पर छोटा मोटा काम करके लौटा देते, उन्‍हें भी चार पैसे मि‍ल जाते. थैली में आटा-दाल ला कर खाते और सो रहते. जब कभी लाइट न होती या कभी ऑर्डर न होते, या फि‍र लाला जी ही नहीं होते तो काम बंद रहता. दि‍हाड़ी भी उसी हि‍साब से कट जाती. एक दि‍न पता चला कि‍ लाला जी ने काम बंद कर दि‍या क्‍योंकि‍ काम ठीक नहीं चल रहा था और सरकारी टैक्‍स की रि‍यायत भी ख़त्‍म हो गई थी.

उस शाम जब वह आटा ख़रीदने दुकान पर गया तो उसने फि‍र रेडि‍यो पर सुना कि‍ कि‍सी और कि‍सान के अात्‍महत्‍या कर लेने की ख़बर आ रही थी. 
00000