नौकरानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नौकरानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 4 जुलाई 2016

(लघुकथा) मेड.

वह भार्इ-बहनों में सबसे बड़ी थी. बचपन में ही एक आदिवासी गांव से शहर आ गर्इ थी.  अपने बचपन में, दूसरे परिवारों के बच्चे संभालने का काम किया. बड़ी हो गर्इ तो घरों में नौकरानी का काम किया. लोग उसे मेड कहते थे. हर महीने गांव मनिऑर्डर भेजती. गांव जाना तभी होता था जब कोर्इ शादी-विवाह हो. एक बार गांव गर्इ तो घर वालों ने उसका विवाह भी करवा दिया. पति को साथ ले आर्इ, एक कमरा किराए पर ले लिया, पति को एक सि‍क्‍योरि‍टी एजेंसी में चौकीदार रखवा दि‍या.

लोगों के घरों में काम करना बहुत थका देता था. तभी उसे किसी बीमार बुज़ुर्ग की तीमारदारी का काम मिला. उसने पाया कि इस काम में मेहनत कम थी, पैसा और इज़्ज़त ज्यादा. एक दिन वह बुज़ुर्ग गुज़र गया. कुछ दिन इंतज़ार के बाद उसे कहीं और वही काम मिल गया. धीरे-धीरे उसके लिए यह आम हो गया कि जिस किसी की तीमारदारी करती वह उम्र या बीमारी से, कुछ समय बाद गुज़र जाता. क्रियाकर्म निपटाने के बाद, किसी दूसरे के यहां, फिर नए सिरे से वही तीमारदारी.  किसी के मरने और नया काम मिलने के बीच अक्सर कुछ समय मिलता तो वह गांव हो आती. 

एक बार इसी तरह वह गांव गर्इ तो पाया कि उसकी मां बहुत बीमार थी. उसने मां की भी खूब सेवा की पर मां बच न सकी. मां का क्रियाकर्म कर के वह शहर लौट आर्इ. वह पहली बार मृत्यु पर असहज थी. 

अब वह नर्सिंग केयर का काम नहीं करना चाहती थी. उसने किसी के घर में फिर बच्चे संभालने का काम ढूंढना शुरू कर दिया.
00000

शुक्रवार, 24 जुलाई 2015

(लघुकथा) चोरी



'अजी सुनते हो, सेफ़्टी पिन नहीं मिल रहीं. कहीं देखीं ?’

'तुमने ही इधर-उधर रख दी होंगी. ध्‍यान से ढूंढो.’

उसने बुदबुदाते हुए ड्रॉअर और अल्मारि‍यां बारी-बारी से खोलनी शुरू कर दीं – ‘दि‍ल करता है, आज ही काम से नि‍काल दूं इसे. जब देखो तब कुछ न कुछ चुपचाप उठाकर ले जाती है. और अगर पूछो तो ऐसे एक्‍टिंग करती है मानो इस तरह की चीज़ तो कभी हमारे घर में थी नहीं शायद.'

वह अख़बार तो पढ़ रहा था पर देख भी रहा था कि‍ आज ड्रॉअर और अल्मारि‍यां खोलने-बंद करने की आवाज़ कुछ ज्‍यादा ही तेज़ थी. उससे नहीं ही रहा गया, पत्‍नी बुलाया – ‘तुम इसे काम से नि‍काल ही क्‍यों नहीं देतीं .'

‘नि‍काल तो एक मि‍नट में दूं पर दूसरी कामवाली इतनी आसानी से मि‍लती कहां है.'

‘यही तो समझाने की कोशि‍श कर रहा हूं. यह इतने सालों से हमारे यहां काम कर रही है सि‍वाय छोटी-मोटी चीज़े ले जाने के क्‍या तुम्‍हें कभी कोई और शि‍कायत हुई इससे. मन लगा के काम अच्‍छा करती है. बि‍ना बात छुट्टि‍यां नहीं करती. इधर-उधर चुगलि‍यां नहीं गाती. अगर हर महीने दो-चार सौ रूपए की चीज़ें यूं ले भी जाती है तो तुम ये मान क्‍यों नहीं लेतीं कि‍ चलो तुमने उसकी तन्‍ख्‍वाह ही दो-चार सौ रूपए बढ़ा दी.'

आज वह कुछ नहीं बोली और मुस्‍कुरा कर टेलि‍वि‍जन देखने बैठ गई.
00000