care लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
care लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 4 जुलाई 2016

(लघुकथा) मेड.

वह भार्इ-बहनों में सबसे बड़ी थी. बचपन में ही एक आदिवासी गांव से शहर आ गर्इ थी.  अपने बचपन में, दूसरे परिवारों के बच्चे संभालने का काम किया. बड़ी हो गर्इ तो घरों में नौकरानी का काम किया. लोग उसे मेड कहते थे. हर महीने गांव मनिऑर्डर भेजती. गांव जाना तभी होता था जब कोर्इ शादी-विवाह हो. एक बार गांव गर्इ तो घर वालों ने उसका विवाह भी करवा दिया. पति को साथ ले आर्इ, एक कमरा किराए पर ले लिया, पति को एक सि‍क्‍योरि‍टी एजेंसी में चौकीदार रखवा दि‍या.

लोगों के घरों में काम करना बहुत थका देता था. तभी उसे किसी बीमार बुज़ुर्ग की तीमारदारी का काम मिला. उसने पाया कि इस काम में मेहनत कम थी, पैसा और इज़्ज़त ज्यादा. एक दिन वह बुज़ुर्ग गुज़र गया. कुछ दिन इंतज़ार के बाद उसे कहीं और वही काम मिल गया. धीरे-धीरे उसके लिए यह आम हो गया कि जिस किसी की तीमारदारी करती वह उम्र या बीमारी से, कुछ समय बाद गुज़र जाता. क्रियाकर्म निपटाने के बाद, किसी दूसरे के यहां, फिर नए सिरे से वही तीमारदारी.  किसी के मरने और नया काम मिलने के बीच अक्सर कुछ समय मिलता तो वह गांव हो आती. 

एक बार इसी तरह वह गांव गर्इ तो पाया कि उसकी मां बहुत बीमार थी. उसने मां की भी खूब सेवा की पर मां बच न सकी. मां का क्रियाकर्म कर के वह शहर लौट आर्इ. वह पहली बार मृत्यु पर असहज थी. 

अब वह नर्सिंग केयर का काम नहीं करना चाहती थी. उसने किसी के घर में फिर बच्चे संभालने का काम ढूंढना शुरू कर दिया.
00000

मंगलवार, 16 जुलाई 2013

(लघुकथा) गधापुराण



बहुत पुरानी बात है. कहीं दूर, गधों का एक देश था. उस देश में बहुत सी कंपनि‍यां थीं. हर कंपनी की एक कस्टमर केयर सेवा थी.  हर कस्टमर केयर सेवा में अंग्रेज़ी बोलने वाले भांति‍-भांति के गधे बैठे होते थे जि‍न्‍हें उनके ऊपर वाले गधों ने कुछ-कुछ गधई नि‍र्देश दि‍ए हुए होते थे. सबसे मज़े की बात यह, कि जैसे गधों के सींग नहीं होते, उसी तरह उन गधों के भी न तो नाम होते थे और न ही टेलीफ़ोन नम्‍बर. वे सब सामूहि‍क रूप से केवल ‘टोल-फ़्री कस्टमर केयर नंबर’ के नाम से जाने जाते थे.  वे गधे एकदम बबुआ कि‍स्‍म के गधे होते थे जि‍न्‍हें पता ही नहीं होता था कि FAQ (बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्‍न) के अलावा भी, बाहर एक अलग दुनि‍या हो सकती थी. मतलब यह कि वोह नि‍रे गधे थे. उनकी पूरी की पूरी दुनि‍या ही गधेड़ी थी. हालत यह थी कि उनके मालि‍क गधे थे, उनके मैनेजर गधे थे. उनके नौकर गधे थे, उनके कॉल-सेंटर/ कस्टमर केयर सेवा में भी गधे ही गधे थे. और तो और, उनके जो ग्राहक थे वे तो उन सबसे बड़े गधे थे, वर्ना उनके ग्राहक ही क्‍यों होते.

उस देश के हाकि‍म ने एक दि‍न KYC (अपने ग्राहक को जानें) का हल्‍ला मचा मारा. बस फि‍र क्‍या था, हर ग्राहक साल दर साल, पता ही नहीं कि‍तनी बार KYC-टाइप काग़ज़ देता रहता. हालत तो यह हो गई कि ग्राहकों को पूरा भरोसा हो चला था कि भवि‍ष्‍य में भी, उनसे इसी तरह के काग़ज़ात देते रहने का अलौकि‍क सुख कभी छीना ही नहीं जाएगा. उन्‍हें कभी-कभी ख़्याल भी आता कि उस देश में जगह-जगह फैले तरह-तरह के ओम्‍बड्समेन्‍न की पगार जस्‍टीफ़ाई करने का वे ज़रि‍या बनें पर फि‍र मुस्‍करा कर टहल भर जाते खुद से ये कह कर कि -''चलो, छोड़ो यार, गोली मारो. ', गधे जो ठहरे.
00000