गुरुवार, 12 जून 2014

(लघुकथा) मकान



वह गांव से शहर आकर एक बड़ा सा अफ़सर बन गया था. उसकी नौकरी में उसे तीन कमरे का मकान भी मि‍लता था. पर अभी तीन कमरे वाले मकान खाली नहीं थे सो उसने दो कमरे वाला मकान ही ले लेना तय कि‍या, वर्ना उँचे कि‍राए और आए दि‍न मकान बदलने की झांय-झांय रहती. शादी हो गई, दो बच्‍चे भी. मां-बाप और सास-ससुर भी कुछ-कुछ हफ़्तों के लि‍ए आ जाते थे. गांव से जानकार-रि‍श्‍तेदार भी आते तो इसी के यहां रहते. बच्‍चों की देखभाल और घर के काम-काज में हाथ बंटाने के लि‍ए नौकर भी था.

देखते ही देखते समय बीत चला. बच्‍चे पढ़-लिख कर दूसरे शहरों को उड़ गए. मां-बाप और सास-ससुर रहे नहीं. गांव से नाता भी फीका सा हो चला था, शायद ही वहां से कोई आता-जाता हो.  इस बीच, वह अब और भी बड़ा अफ़सर हो गया था, उसे पांच कमरों वाला मकान मि‍ला हुआ था, आगे बहुत बड़ा लॉन, पीछे पेड़ों वाला बगीचा और नौकर के लि‍ए सर्वेंट क्‍वार्टर अलग से. तीन कमरे तो लगभग बंद ही रहते. एक दि‍न पत्‍नी ने कुरेदा –‘क्‍योंजी आपकी मकान वाली पॉलि‍सी कुछ गड़बड़ नहीं है क्‍या, कि‍ जब ज़रूरत थी तो दो कमरे का मकान थमा रखा था और आज कोई रहने वाला नहीं तो पूरा अहाता ही अलॉट कर रक्खा है.’

वह बस हल्‍के सा हँस दि‍या.
00000

रविवार, 8 जून 2014

(लघुकथा) कवि‍




जहां एक ओर, माता-पि‍ता ने उसका अच्छे से लालन-पालन कि‍या, वहीं उसका भावनात्‍मक वि‍कास भी बढ़ि‍या हुआ. लाड़-प्‍यार के बीच पला वह बहुत भावुक लड़का था. पेंटिंग करना उसे अच्‍छा लगता था. धीरे-धीरे वह श्रंगार रस की कवि‍ताएं लि‍खने लगा. पर पढ़ाई में ऐसे लोगों के नंबर कुछ ख़ास नहीं आते. स्‍कूल खत्‍म करके कि‍सी अच्‍छे कॉलेज में दाखि‍ला नहीं मि‍ला, एक पत्राचार पाठ्यक्रम में दाखि‍ला लेकर कि‍सी कॉल सेंटर में नौकरी करने लगा. रात को जागता दि‍न में सोता. पेंटिंग का शौक जाता रहा.

कॉल सेंटर एक दि‍न बंद हो गया. दूसरी जगह काम मि‍ला नहीं. हालांकि‍ मां-बाप उसे कुछ कहते नहीं हैं, पर वह अब यथार्थवादी कवि‍ताएं लि‍खने लगा है.
00000

बुधवार, 28 मई 2014

(लघुकथा) काम



वे दोनों अच्छे दोस्‍त थे. एक ही ऑफ़ि‍स में काम करते थे. उसका दोस्‍त रोज़ खुशी-खुशी उससे पहले ऑफ़ि‍स पहुंच जाता. लेकि‍न इसे काम पर जाने के नाम से ही सांप सूंघने लगता. 

एक दि‍न उसके दोस्‍त ने समझाया, यूं रोने-धोने से कुछ होगा क्‍या ! सोचो, रि‍टायर होकर भी तो घर ही पड़े रहोगे ना, पर वो भी आख़ि‍र कि‍तने दि‍न. उसके बाद ? देखो, आफ़ि‍स वो दूसरी जगह है जहां चार लोगों से मि‍ल बैठते हो. तुम्‍हारे पास वहां अपना पर्सनल स्‍पेस है, सुवि‍धाएं हैं, कोई तुम्‍हारे काम में टांग नहीं अड़ाता. वहां कोल्‍हू के बैल भी तो नहीं हो ना तुम. काम भी इतना नहीं कि‍ मर-मर के करना पड़े. सुस्‍ता भी सकते हो. उनकी भी सोचो जो काम चाहते हैं पर, तो भी उन्‍हें मि‍लता नहीं. काम करते हो तो समाज में लोग भी पूछते हैं, चार पैसे का सहारा अलग. अब मर्जी तुम्‍हारी है कि‍ तुम्‍हें काम करना सही लगता है या घर पड़े रहना.

आज उसे पहली बार लगा कि‍ नि‍रापद जीने से कहीं अच्‍छा है, काम करने वालों में गि‍नती हो उसकी. अब काम के नाम से उसका दि‍ल नहीं बैठता.
00000

शनिवार, 3 मई 2014

(लघुकथा) खण्डित मूर्ति‍



उसके गांव में एक मंदि‍र था. वह उस मंदि‍र के अंदर कभी नहीं गया था. मंदि‍र में जाने की उसकी इच्‍छा तो बहुत होती थी पर उसके लोगों का मंदि‍र में जाना मना था. उसके लोगों का माद्दा नहीं था कि‍ अपना मंदि‍र बनवा लें. वह दूर से ही मंदि‍र को प्रणाम करके चला आता था.  

मंदि‍र वालों ने एक दि‍न, एक और भगवान की मूर्ति‍ स्‍थापि‍त करने का फ़ैसला कि‍या. पर जब मूर्ति‍ मंदि‍र पहुंची तो पता चला कि‍ उसमें तो दरार है. खण्‍डि‍त मूर्ति‍ मंदि‍र में प्रति‍स्‍थापि‍त नहीं की जा सकती थी इसलि‍ए भक्‍त लोग उसे एक पीपल के नीचे छोड़ आए. जब उसे पता चला तो वह बहुत खुश हुआ कि‍ पीपल के नीचे भगवान वि‍राजे हैं. वह वहां गया और भगवान की मूर्ति‍ को प्रणाम कर बोला –‘कोई बात नहीं प्रभु तुम यहीं बैठो, आज तक तुमने मेरा ध्‍यान रखा, अब मैं तुम्‍हारा ध्‍यान रखा करूंगा.’

वह रोज़ सुबह वहां आता, प्रणाम करता और झाड़ू-बुहारी करके लौट जाता. अब उसने मंदि‍र जाना छोड़ दि‍या था.


00000