law लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
law लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 26 सितंबर 2013

(लघुकथा) शतरंज



एक देश में एक अदालत थी और एक था चोट्टा.
उसी देश से, चोट्टे और अदालत का संवाद:-

अदालत – ‘तुम देश कैसे चला सकते हो ?’
चोट्टा – ‘मैं क्‍या करूं, लोग मानते ही नहीं.’
अदालत – ‘ठीक है, मैंने तुम्‍हें आज़ाद कि‍या.’
चोट्टा – ‘रूको रूको मैं कानून बदल के लाता हूं.’
अदालत – ‘लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में बदलाव नहीं चलेगा.’
चोट्टा – ‘ठीक है संवि‍धान में ही बदलाव कर देता हूं.’
अदालत – ‘वो तुम कर नहीं सकते, याद है न भारत का ‘केशवानंद भारती केस’ ?’

चोट्टे और अदालत का संवाद समाप्‍त हुआ.
00000 

मंगलवार, 2 अक्टूबर 2012

(लघुकथा) उड़ान




एक दि‍न, कभी न खुलने वाली एक खि‍ड़की के बाहर पक्षि‍यों का एक जोड़ा आ कर बैठा. ति‍नका ति‍नका ला कर एक घोंसला बनाया उन्‍होंने, फि‍र उसमें दो अंडे दि‍ए. दोनों बारी बारी से उन अंडों को सेते. एक दि‍न उन अंडों से दो छोटे-छोटे बहुत सुंदर जीवन नि‍कले. अब वे बारी बारी से उनके लि‍ए कुछ-कुछ ला कर खाने को देते. बच्‍चे तेज़ी से बढ़ने लगे. दोनों पक्षी मि‍ल कर उन्‍हें उड़ना सि‍खाते. बच्‍चे पंख फड़फड़ाते पर उड़ न पाते. लेकि‍न एक दि‍न, बच्‍चों ने अपने पंख तौले और उड़ान पर नि‍कल गए. फि‍र वे कभी नहीं लौटे. धीरे-धीरे घोंसले के ति‍नके बि‍खरने लगे...


खि‍ड़की के इधर, अरसे से ये सब देख रहीं बूढ़ी नम ऑंखों ने आज बड़ी लम्‍बी और गहरी सॉंस ली और फि‍र हौले से बंद हो गईं.
00000
 

रविवार, 18 मार्च 2012

(लघुकथा) लीगल पेपर


वह आगे की पढ़ाई के लि‍ए गॉंव से शहर आया था. सुना-सुनी, बेचारे मॉं-बाप उसे बनाना तो चाहते थे डॉक्‍टर या इंजीनि‍यर पर लोगों ने ये भी बताया था कि‍ भई इसमें ख़र्चा बहुत होगा. सो उन्‍होंने रूखी-सूखी खा कर भी उसे वकील बनाने की ठानी. वह कानून की पढ़ाई कर रहा था.

कि‍सी दूसरे के साथ मि‍लकर कि‍राए पर एक कमरा ठीक कर लि‍या था उसने. मकान मालि‍क कमरे में ही रोटी भी बना लेने देता था. महीने के महीने गॉव से एक छोटा सा मनि‍ऑर्डर आता तो था पर कुछ ही दि‍न बाद हाथ फि‍र तंग होने लगता था उसका. एक दि‍न उसने कुछ और पैसे मंगवाने की जुगत बि‍ठाई और कंप्‍यूटर से प्रि‍न्‍ट लेने के बारे में लि‍खा –‘बाबा, लीगल पेपर की बहुत सख्त ज़रूरत है, जल्दी से साढ़े सात सौ रूपये और भेज दो.’

गॉंव में लीगल पेपर का मतलब कानून के पर्चे का ख़र्च पढ़ कर पैसे भेज दि‍ए गए. मुवकि्कलों से पैसे गांठने का यह उसका पहला पाठ था जो उसने अच्‍छे से पास कर लि‍या था.
00000